Tuesday, 20 April 2010

इंडियन पैसा लीग !!


हंगामा है क्यूँ बरपा..थोड़ी सी जो पी ली है..डाका तो नही डाला..चोरी तो नही की है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग उर्फ़ इंडियन पैसा लीग उर्फ़ इंडियन पोलिटिकल लीग में हंगामा भी है, पीने-पिलाने को शराब भी और चोरी-डकैती की तो बात छोड़ ही दीजिए साहब..करोड़ो के इस बेहिसाब कारोबार में हालिया दौर में पैसे के लिए वो सब कुछ हो रहा है, जो होगा इसकी आशंका तो हमेशा से थी लेकिन इस तमाशाई अंदाज़ से होगी ऐसी आस तो कम से कम नही थी। दरअसल आईपीएल का जन्म ही पैसे और शोहरत के लिए हुआ..खेल की बात इसके अब तक के सफ़र में कहीं हुई ही नही। करोड़ो के इस वारे-न्यारे वाले व्यापार ने क्रिकेट को बाज़ार में लाकर खड़ा कर दिया है, खिलाड़ी बिक रहे हैं और खेलप्रेमियों के लिए भी ये सब कुछ मनोरंजन से ज्यादा कुछ नही रह गया है..और फिर चाहे ये एंटरटेनमेंट मैदान पर हो या उसके बाहर? इन सबसे अलग ग्राउंड और उसके बाहर दोनों ही जगहों पर चल रहे खेल में एक बात पर गज़ब का संयोग है और वो ये की दोनों के ही माहिर खिलाड़ी पैसे के लिए अपना गेम खेल रहे हैं, हाँ ये बात अलग है कि मैदान के बाहर के योद्धाओं के लिए कोई नियम-कायदे नही हैं। शायद यही वजह है कि ये चालू खिलाड़ी बेरोकटोक अपने पैंतरों की आज़माइश कर दोनों हाथों से पैसा समेटने में बिज़ी हैं। लेकिन जब भी इन्सान के ख्वाहिशों की बेइंतहाई बढ़ जाती है तो वो सबकुछ बटोरने के फेरे में बौखला जाता है और आजकल आईपीएल के इन गैम्बलर्स के साथ भी ऐसा ही कुछ हो रहा है। एक साल पहले तक आईपीएल के "पा" यानि ललित मोदी साउथ अफ्रीका में आईपीएल के सफल आयोजन को लेकर मीडिया से लगाय क्रिकेट के काबिलों से बधाई लेने मे व्यस्त थे, वैसे मोदी साहब व्यस्त आज भी हैं लेकिन इस बार फर्क बस इतना है कि इस बार क़ी मसरूफ़ियत मीडिया के सवालों के जवाब ढूँढने में ज्यादा है। ये सारा मंज़र बयां कर रहा है कि आईपीएल की पैदाईश से लेकर अबतक के इसके flawless सफ़र में पैसों की फ़सल उगाने की ही खेती की जा रही थी, ज़ाहिर है रूपयों की रियासत को खड़ा करने में सत्ता के साहबों का भी दोस्ताना ज़रूरी रहा होगा और हुआ भी ऐसा, इसलिए कहीं कोई ब्रेकर नही आया आईपीएल की राह में। साठगाँठ की सवारी आराम से चली जा रही थी लेकिन इसी बीच मोदी साहब से एक नादानी हो गयी और उन्होंने छेड़ दिया सत्ता में शामिल एक मधुमक्खी का छत्ता, यानि शशि थरूर के गुरूर को दे दी ललकार..वो थरूर जो अपने मन में कुछ नही रखते, सबकुछ उल्टी कर देते हैं "ट्विटर" पर..अब ख़ता हुई तो सज़ा भी बनती है ना?? सो भाईसाब शुरू हो गया एक नया खेला, मोदी,जिनका हिसाब-किताब लेने की फुर्सत आईपीएलके आगाज़ से लेकर अब तक नही थी उसपर शिकंजा कसा जाने लगा। आयकर विभाग से लेकर बीसीसीआई सभी लंगोट बांध कर मोदी को धोबी पछाड़ देने में लग गए और नौबत अब यहाँ तक आ गयी है कि दबी जुबान में कहा जाने लगा है कि मोदी को आईपीएल कमिशनर के पद को टाटा-बाय-बाय कहना पड़ सकता है। उधर बेचारे थरूर साहब को सरकार ने भरसक बचाने का प्रयास किया लेकिन विपक्ष ने ऐसा ना होने देने की ठान ली थी तो थरूर साहब भी अपना सामान समेट के चल दिए। बहरहाल तीन सालों में आईपीएल और खुद को पैसे और शोहरत से लबालब करने वाले फ्रेम के ये बाहर वाले खिलाड़ी आजकल मेनफ्रेम में हैं ज़रूर लेकिन उन वजहों से जिनसे ये कुख्यात ही ज्यादा हुए हैं। उम्मीद तो नही फिर भी करेंगे कि इन सारे सलूकों से सबक लेकर पैसा भुलाकर सिर्फ खेल होगा और वो भी मैदान पर..ना कि उसके बाहर..आमीन!!

Saturday, 27 March 2010

सियासत में दौरे मनमानी..या मनमानी का दौरा??


बड़ा अजीब है ये सब कुछ जो हो रहा है यहाँ? यहाँ मतलब देश के सियासी दड़बे में जो कुछ हो रहा है उसकी बात कर रहा हूँ दड़बा कहना ही ज्यादा उचित लगा क्यूंकि इससे ज्यादा का हकदार ही नही है आजकल के सियासी किस्सों का मंच..जमकर मनमर्ज़ी हो रही है कहने को जनता की नुमाईंदगी करनी है इन्हें लेकिन अपने ही अफ़सानो से ही फ़ुरसत नही है तो "जनता मेरी जान" को जानने की क्या ज़रूरत? दरअसल political bankruptcy अब बचपना छोड़ जवानी की चौखट पे तांडव कर रही है एक तरफ मायावती को "मालावती" बनने से परहेज़ नही है तो वहीँ सपा के शेर मुलायम सिंह यादव को महिलाओं पे की गयी अपनी सोची-समझी टिप्पणी पे गुमान है ऐसा नही है कि हमारे सियासत के शाहजहाँ ऐसा सूरमाओं वाला कारनामा पहले नही करते थे..लेकिन तब में और फ़िलहाल में फर्क बस इतना है कि पहले ये सब कभी-कभी लीप ईयर जैसा होता था और आजकल हमारे ये शाहजहाँ ताजमहल बनवाने से भी ज्यादा खासुसियत वाला शग़ल रोजाना करना पसंद करते हैं अब ये आप तय कीजिए कि हमारे ये सियासत के सूरमा दौरे मनमानी में हैं या फिर इन्हें मनमानी का दौरा चढ़ा है?

Thursday, 25 March 2010

पानी होने वाली है पीड़ा !!


सभ्यता का संसार वहां बसता है जहाँ पानी को घर मिले..जैसे कहते हैं कि लक्ष्मी उसी घर को लक्ष्य करती है जहाँ सफाई होती है वैसे ही पानी वहीँ का पनघट बनता है जहाँ इसके कद्रदान हों पानी संस्कृति है..पानी संस्कार है लेकिन इन सबसे ऊपर और अहम..पानी जीवन है, लेकिन जीवन हमेशा जीता रहे ये ज़रूरी तो नही?? पानी की अहमियत काफी लम्बे वक़्त से बताई जा रही है परन्तु समझ कोई नही रहा यही वजह है की पानी की परेशानी जब लोग समझना ही नही चाहते थे तो आने वाले समय में इन्सान की इस बड़ी प्यास को बुझाने के लिए चाँद की छाती से भी पानी फूट पड़े इसकी अफ़रा-तफ़री का शोर सबको सुनाई पड़ा..पानी को पाने की इस आपा-धापी में किसी को ये नही सूझ रहा है कि एक दिन चाँद क्या, अगर तारों का भी पानी निचोड़ लिया जाये तो भी वो ख़त्म होगा ज़रूर! क्यूंकि संचय बिना कुछ भी बच जाये ये उम्मीद बेबुनियाद है..इसलिए पानी के इस्तेमाल में कमी और इसका संचय ही एकमात्र विकल्प है इस अमृत को बचाने का.."वस्ल(मीटिंग) भी तो हो चुका..रूख पे रही तब भी नकाब"..मतलब साफ़ है कि पानी पर बहस की नही बेक़रारी की दरकार है..पानी आँखों में भरी शराब भी है जो छलकती सिर्फ खास मौकों पर ही है..और मेरा कहना यही है के जब आंखों का पानी बेवजह ज़ाया नही होता तो फिर ज़िद इस बात की होनी चाहिए कि हमारी ज़रूरत का जल भी कम से कम ज़ाया तो ना ही हो..क्यूंकि अगर पानी की पीड़ा आज हम नही समझेंगे तो फिर चैन से सो जाईए और ख़ुद को इस बात के लिए तैयार कर लीजिये आने वाले वक़्त में पानी पीड़ा देने वाला है........

Saturday, 20 March 2010

पत्रकारिता को एन्जॉय करने की ज़रूरत..


इधर अपने पेशे के बारे में लिखने का ही दिल कर रहा है..कोई खास वजह नही है, सिर्फ अपना नज़रिया इस क़रीब-क़रीब सच्ची दुनिया के बारे में ज़ाहिर करने का शौक चढ़ा है..मै एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह का हिस्सा हूँ, ज़्यादा नही अभी केवल एक साल ही बिताये हैं ख़बरों के खेत में..बज़ाहिर है कि ख़बरों कि फसल का सही-सही अनुमान नही है मुझे..और ना ही इस बात से वाकिफ़ हूँ कि इस खेत में जो फ़सल लगी हुई है उन्हें बचाने के लिए पेस्टीसाइड रुपी जो अलग-अलग ट्रीटमेंट दिया जा रहा है इन ख़बरों को वो कहाँ तक जायज़ है?? हाँ लेकिन इतना ज़रूर समझ में आने लगा है कि हम जर्नलिज्म को एन्जॉय नही कर रहे हैं..मेरी नज़र में सभी पेशों से अलग पत्रकारिता असल मायने में करियर है, क्यूंकि यहाँ हमेशा आपको खुद की योग्यता के पैमाने को कायम रखने के साथ ही हरपल इसका स्टैण्डर्ड बढ़ाना भी पड़ता है..बदलते वक़्त के साथ जैसे हर चीज़ बदल रही है वैसे में पत्रकारिता ना बदले ऐसा सोचना सरासर बेईमानी है..लेकिन पता नही क्यूँ इस बदलाव से मुझे कोफ़्त होने लगी है..वजह पत्रकारिता की रफ़्तार है..अगर इसका मिज़ाज ऐसा होता तो मुझे ये कोफ़्त नही होती..दरअसल तेज़ी पर होती मेरी ये तक़लीफ़ इसकी बेक़ाबू रफ़्तार पर है..इस रफ़्तार ने कलम के सिपाही को पहरेदार से चौकीदार बना दिया है..जागते रहो या सुनो-सुनो की बानगी पेश करते हुए वो खबरों को सिर्फ और सिर्फ जल्दी पेश करने की फिराक में है...ऐसे में किस ओर जा रही है राह..आप भी चिंतन कीजिये.....

Thursday, 18 March 2010

ख़बरों की रेस में अपनी ही ख़बर नहीं...


खींचो न कमानों को, न तलवार निकालो...जब तोप मुक़ाबिल हो तो अख़बार निकालो..अकबर 'इलाहाबादी ' की ये पंक्तियाँ पत्रकारिता की उस शक्ति का एहसास कराती हैं जिसमे ज़िम्मेदारी की भी सशक्त मौजूदगी हमेशा से रही है। शायद सिद्धांतों, आत्मसम्मान और इन सबसे ऊपर लोगों के सरोकारों के लिए पत्रकारिता जानी जाती है, आप सोच रहे होंगे की "शायद" जैसा संदेह वाला शब्द लिखकर मै पत्रकारिता की आत्मा पर शक़ कर रहा हूँ। दरअसल मै ऐसा ही करने की हिमाकत कर रहा हूँ ये सच है, क्यूंकि आज ख़बरों की तस्वीर और तक़दीर दोनों का जजमेंट कुछ मिनटों में हो जाता है। कभी सीमित रिसोर्सेस में भी ख़बरों की तह तक जाना पत्रकार अपना कर्त्तव्य समझताथा..वो किसानो और कॉमन मैन की ताक़त था..यही नही प्रतिष्ठा की आड़ में खोखली जड़ों वाले समाज के धन्नासेठों और हाकिमो की ख़बर भी वो बेपरवाह होकर लेता था, लेकिन केवल सच और पारदर्शिता का दामन थामे रहने वाली पत्रकारिता अब ख़ुद आधी सच्ची-आधी झूठी हो गयी है..अश्वत्थामा मारा गया की तर्ज पर लोगों को भ्रम में रखना अब इसकी फितरत हो गयी है। आज की पत्रकारिता की हक़ीक़त ये भी है कि वो व्यावसायिकता की ज़मीन पर अपने आयाम खोज रही है और इन सब का मकसद सिर्फ इस बेशर्म नंगी दौड़ में,ख़ुद को विजेता जानकर हर रोज़ समाचारों के इस वेश्या बाज़ार में फरेबी ख़बरों से लोगों के बिस्तर गर्म करना है।

Wednesday, 17 March 2010

आज का मीडिया:मूल्यों को सहेजने की दरकार


भारतीय लोकतंत्र के स्थाई स्तंभ न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका के बदलते स्वरूप से आज लोकतांत्रिक मूल्यों में दिन पर दिन गिरावट आती जा रही है, जिससे पूरा देश गंभीर संकट के बीच उलझता जा रहा है। पत्रकारिता इसी लोकतंत्र का चौथा स्थाई स्तंभ है। जिसकी सजग भूमिका इस बदलते परिवेश की पृष्ठभूमि को सकारात्मक दिशा की ओर मोड़ सकती है। ऐसे समय में मीडिया जो पत्रकारिता की महत्वपूर्ण पृष्ठभूमि है, के समक्ष गंभीर चुनौतियों का खड़ा होना स्वाभाविक है तथा उसकी कार्य प्रणाली पर निर्भर है इसका भविष्य। इतिहास साक्षी है। देश पर जब-जब भी गंभीर संकट आया है, पत्रकारिता की सजग पृष्ठभूमि ने ही सही दिशा में मार्ग प्रशस्त कर समूचे देकश को जागृत किया है। इसके आलोक में दुश्मनों को पहचानने एवं उससे लड़ने की उर्जा सदैव मिलती रही है। इसी कारण आज तक इस स्तंभ की साख पूरे देश ही नहीं, विश्व स्तर पर सर्वोच्च बनी हुई है। पूरा तंत्र इससे भयभीत रहता है। तथा इसकी सजग निगाहों के समक्ष खडे होने की किसी में भी गलत तरीके से हिम्मत नहीं होती।

देश में बढ़ता आतंकवाद, भ्रष्टाचार, लूटपाट अनैतिक गतिविधिंयों की भरमार इस बदलते परिवेश की देन हैं। जहां न्यायपालिका भी जब स्वतंत्र पृष्ठभूमि नहीं बना पा रही है। विधायिका क्षेत्र में बढ़ते अनैतिक कदम लोकतंत्र के वास्तविक स्वरूप को ही बदलते जा रहे है। जहां देश का बुध्दिजीवी वर्ग कुंठित हो चला है। यह स्थिति निश्चित रूप से सभी के लिए घातक है। ऐसे परिवेश में जहां विधायिका हर प्रकार से लोकतंत्र के सजग स्तंभों पर हावी होती जा रही है, पत्रकारिता को इस दूषित वातावरण से अपने आपको अलग खड़ा कर अपनी पहचान बनानी होगी, तभी 21वीं सदी में पत्रकारिता का भविष्य सुरक्षित हो पायेगा। आज अर्थयुग का परिवेश चारों तरफ हावी नजर आ रहा है। इस परिवेश के बीच अपने वास्तविक स्वरूप को खड़ा करना एवं उजागर कर पाना मीडिया के समक्ष गंभीर चुनौतिया है, जिसे लीलने को विधायिका तैयार बैठी है। आज समूचा देश फिर से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता की ओर आत्मविश्वास के साथ आत्मरक्षा कवच पाने की लालस देख रहा है। जहां इस भ्रष्ट होती जा रही व्यवस्था को दूर करने का मार्ग प्रशस्त हो सके। यह आजादी पाने की दिशा मे नई जग की शुरूआत मानी जाएगी। जहां मीडिया को आज तड़क-भड़क आर्थिक युग की पृष्ठभूमि में अपनी पहचान बनाये रखनी होगी। यही 21वीं सदी की मीडिया के समक्ष गंभीर चुनौतियां है। तथा इसकी सफलता में उसका भविष्य सुरक्षित है।

Tuesday, 16 March 2010

ख़ुद की सोचते युवाओं की ख़ुदकुशी???


लौटने की ज़िद बेहद ज़रूरी शर्त है, उस दरम्यान जब परिवार की मसरूफ़ियत कुछ दर्द साझा करने का मौका ही नही देती..ये सूरते-हाल हमारे आस-पास या शायद हमारे ही घर का हो जिसे जानकर भी अनजान बनने में हम अपने नौनिहालों की भलाई समझ रहे हों तो गफ़लत की इस बेबुनियाद दीवार को शायद गिरा देना ही बेह्तर विकल्प है.. जगजीत सिंह की ग़ज़ल की चंद लाईने हैं.."पहले हर चीज़ थी अपनी मगर अब लगता है, अपने ही घर में किसी दूसरे घर के हम हैं"..व्यावहारिकता के तराजू पर तौल कर देखिये, कुछ यही दर्द आपके उस बच्चे के दिल में भी सुबक-सुबक कर रो रहा मिलेगा आपको,जिसपे उम्मीदों और अपेक्षाओं का बोझ तो डाल दिया है आपने लेकिन इस बोझ से झुकती हुई पीठ की पीड़ा आप समझना ही नही चाहते..या यूँ कहें कि आप डरते हैं कि अगर इस कराह को थोड़ा क़रार देने की जुर्रत आपने कर दी तो उन सारी उम्मीदों के हिमालय क्या होगा जो उन कन्धों पर ड़ाल दिया गया है जो अभी बोझ को संभालना भी नही सीखे हैं..युवावस्था ऐसी डगर है जो भटकने और सवंरने दोनों का समान अवसर देती है..लेकिन आज के युवा के जल्दी आत्मनिर्भर बनने की महत्वाकांक्षा उसे सवंरने के मौके कम जबकि भटकने के मौके ज्यादा देती है...ख्वाहिशों के आसमान में केवल ख़ुद की सोचते युवाओं की ये महत्वाकांक्षा तब खतरनाक हो जाती है जब ये दायरे लांघने लगती हैं..आगे बढ़ने के कई असफल प्रयास उसे तोड़ देते हैं..क्यूंकि वो अपनी योग्यता और क्षमता दोनों का उल्लंघन करने को बेचैन रहता है..आस-पास की प्रतिस्पर्धा उसे कुछ सोचने का वक़्त ही नही देती...ऊपर से माँ-बाप के सपने जो शायद जायज़ हैं लेकिन फिर भी कहीं ना कहीं अपने बच्चे के लिए नाजायज़ दबाव की शक्ल अख्तियार कर लेते हैं और तब सपनो, ख्वाहिशों का पीछे छूटना लाज़मी है..यहाँ गलती इस युवा से कदम-कदम पर होती है..वो परिवार से कुछ नही कह पता क्यूंकि वो शायद विरोध होगा...माँ-बाप से सगा रिश्ता इस दुनिया में नही है इसलिए बाकी उसकी क्या मदद करेंगे ये भी वो जानता है...ये अन्तर्द्वन्द्व ही उसे ख़ुदकुशी का रास्ता चुनने की बात सुझाता है...सारे सपने टूट जाते हैं..सिवाय संताप और शोक के कुछ बाकी नहीं रह जाता...इसलिए दोषी कौन है इसपे बहस से अच्छा है अपने बच्चे को जानिए...और बच्चों को ज़रूरत है परिवार की एहमियत समझने की...

सरकने का ये दौर..सिसकियों का ये ज़माना..

AI generated Image from ChatGPT सरकने का ये दौर..सिसकियों का ये ज़माना.. बुझा हुआ आसमां..कच्ची दीवारों का अफ़साना.. ठोकरों से भरी राहें...रास्...